पालीगंज पियरपुरा थाना परिसर में मुहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित

पालीगंज (पटना)। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पियरपुरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पियरपुरा थानाध्यक्ष पूजा राठी ने की।
बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों एवं गणमान्य लोगों के साथ मुहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। थानाध्यक्ष ने उपस्थित लोगों से क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली और पर्व के दौरान संभावित चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष पूजा राठी ने कहा कि आगामी 26 जून को मुहर्रम पर्व मनाया जाएगा। उन्होंने सभी समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान डीजे एवं शांति व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया गया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के सहयोग से ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सकती है। सभी लोगों को जाति-धर्म से ऊपर उठकर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस हमेशा जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए तत्पर है।
बैठक में कृष्णकांत यादव, संतोष कुमार, पूर्व मुखिया चंदन कुमार, पूर्व मुखिया पति बिनोद कुमार, पत्रकार वेद प्रकाश, पंकज कुमार, नीतीश कुमार, कंचन यादव, सहजानंद यादव, सुधीर कुमार, अरुण कुमार, मनमोहन कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



