सिमडेगा में छात्रावास अभिभावक बैठक, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर

सिमडेगा। वाणवासी कल्याण केन्द्र की शैक्षिक इकाई श्रीहरिवासी विकास समिति, झारखंड प्रदेश द्वारा संचालित विवेकानन्द शिशु विद्या मंदिर उच्च विद्यालय में छात्रावास के अभिभावकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस गरिमामयी बैठक की अध्यक्षता बिशेश्वर सिंह जी ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य छात्रावास में रह रहे भैया-बहनों के सर्वांगीण विकास पर विचार करना तथा छात्रावास की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं अनुशासित बनाना था। सभी अभिभावकों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि बच्चों की पढ़ाई और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए उन्हें अनावश्यक रूप से कम दिनों की छुट्टी में घर नहीं ले जाया जाएगा, जिससे उनकी नियमित उपस्थिति और अध्ययन में निरंतरता बनी रहे।
इस अवसर पर यह भी विशेष रूप से जोर दिया गया कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कार, नैतिक मूल्य और खेल-कूद की गतिविधियां निरंतर चलती रहें, ताकि उनका मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक विकास संतुलित रूप से हो सके और उनका मनोबल सदा ऊँचा बना रहे। बैठक में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले छात्रावास के भैया-बहनों को विद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. भानु प्रताप साहू जी के सौजन्य से ₹1100 की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में और अधिक उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ।
इस अवसर पर वाणवासी कल्याण केन्द्र के विभाग संगठन मंत्री खेदू नायक भी उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन के कार्यों एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए आगामी 24 मई को दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली की विस्तृत जानकारी दी, जिस पर सभी ने गंभीरतापूर्वक चर्चा की।
बैठक के दौरान छात्रावास को केवल एक रहने का स्थान नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला के रूप में विकसित करने पर गहन मंथन किया गया। यह भावना उभरकर सामने आई कि छात्रावास ही वह पावन स्थान है जहाँ से बच्चे अपने जीवन के उच्च आदर्शों की ओर निरंतर बढ़ते हैं। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि इस सत्र से छात्रावास में रह रहे भैया बहनों का अतिरिक्त कलांश होगा।
अंत में अध्यक्ष महोदय के प्रेरणादायी संदेश, धन्यवाद ज्ञापन एवं शुभकामना मंत्र के साथ बैठक का समापन किया गया। इस बैठक में प्रधानाचार्य सहित छात्रावास प्रमुख एवं आचार्य बन्धु उपस्थित रहे।



