गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों का डीसी,एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण

सिमडेगा। उपायुक्त कंचन सिंह तथा एसपी सुरेश राव खोटरे ने परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम, सिमडेगा में आगामी गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने स्टेडियम पहुंचकर परेड रिहर्सल का निरीक्षण किया तथा परेड में अनुशासन, तालमेल और सुव्यवस्था बनाए रखने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने 26 जनवरी के मुख्य समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाने के लिए स्टेडियम के समग्र सौंदर्यीकरण, रंग-रोगन, बैरिकेडिंग, साउंड सिस्टम, राष्ट्रगान व्यवस्था एवं अन्य साज-सज्जा कार्य समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने आम नागरिकों के लिए पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था, सुचारु पार्किंग सुविधा तथा वीआईपी अतिथियों के लिए अलग एवं सुरक्षित बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, अतिरिक्त पानी टैंकर की उपलब्धता तथा स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर कार्य करने को कहा, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ज्ञानेन्द्र, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, नजारत उप समाहर्ता-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी समीर रेनियर खालखो, जिला जन-संपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल मुकेश कुमार, डीएसपी रनवीर सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव, अंचलाधिकारी सदर मो. इम्तियाज सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।



