महाशिवरात्रि पर मोहनपुर, हरिलाजोरी सभी शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

मोहनपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को मोहनपुर शिव मंदिर, हरिलाजोरी शिव मंदिर, तपोवन शिव मंदिर, त्रिकूट शिव मंदिर एवं चौपामोड़ मंदिर समेत प्रखंड के सभी शिवालयों में जलार्पण व पूजा-अर्चना में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तजन लंबी कतार में खड़े होकर हर हर महादेव एवं माता पार्वती का जयकारा लगा रहे थे।
श्रद्धालु महाशिवरात्रि पर शिवालयों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते नजर आए। मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का दिव्य वातावरण बना रहा। मोहनपुर मंदिर में पूजा समिति के द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विशेष एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी। भक्तों को कतार बद्ध तरीके से शांतिपूर्वक एवं सुचारु रूप से पूजा अर्चना कराया गया।
मेले की शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। शिवरात्रि के उपलक्ष्य में रात्रि जागरण हेतु भक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। साथ ही मोहनपुर शिव मंदिर में भव्य शिव बारात की झांकी भी निकाली जाएगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगी।



