उरई के वार्ड नंबर 16 में सड़क बदहाल, शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान
जितेंद्र परिहार के मकान से पत्रकार मुन्ना लाल चौरसिया के मकान तक रास्ता जर्जर, स्कूली बच्चों और मरीजों को परेशानी

उरई, जालौन। शहर के वार्ड नंबर 16 लहरियापुरवा में सड़क की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जितेंद्र परिहार के मकान से पत्रकार मुन्ना लाल चौरसिया के मकान तक सड़क बेहद खराब है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है।
सड़क खराब होने के कारण स्कूली छात्र-छात्राओं को आवागमन में दिक्कत होती है। वहीं, किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने पर एंबुलेंस को मौके तक पहुंचने में परेशानी होने की आशंका बनी रहती है। क्षेत्र में जल निकासी की उचित व्यवस्था और विद्युत पोल की कमी से भी लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि एक ओर डबल इंजन की भाजपा सरकार विकास और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर शहर के वार्ड में सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए लोगों को बार-बार शिकायत करनी पड़ रही है। शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होना जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
क्षेत्रीय नागरिकों शहजाद अली, पुष्पेंद्र सेंगर, इरफान खान, ऋषभ शर्मा, करन, जितेंद्र श्रीवास, प्रहलाद, मनोज कुमार और रेनू देवी सहित अन्य लोगों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित कर सड़क निर्माण, जल निकासी और विद्युत पोल की व्यवस्था कराने की अपील की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।



