सम्मान समारोह में युवा कैडेट्स को राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने के लिए किया गया प्रेरित

जमशेदपुर। सोनारी स्थित सेना शिविर में 37 झारखंड बटालियन एनसीसी मुख्यालय में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह का नेतृत्व कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विनय आहूजा तथा प्रशासनिक अधिकारी कर्नल प्रेम चंद झा ने किया। कार्यक्रम में बटालियन के सूबेदार मेजर सहित अनेक गणमान्य अधिकारी एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। इस अवसर पर संत नंदलाल स्मृति विद्या मंदिर, घाटशिला के कैडेट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। विद्यालय के चार कैडेट्स कॉरपोरल सूरज कुमार पॉल, कॉरपोरल मानवी प्रधान, लांस कॉरपोरल श्रुति बनर्जी एवं कैडेट ऋषभ साहा को प्रतिष्ठित कैडेट वेलफेयर सोसाइटी स्कॉलरशिप पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

वहीं कैडेट ओइशी भट्टाचार्जी को सर्वश्रेष्ठ कैडेट पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान कर्नल विनय आहूजा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में युवा कैडेट्स को राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने तथा भविष्य की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कैडेट्स की उपलब्धियों की सराहना करते हुए एनसीसी अधिकारी डॉ. प्रसेनजीत कर्मकार के उत्कृष्ट योगदान की विशेष प्रशंसा की, जिन्होंने युवाओं को सही दिशा में मार्गदर्शन देकर उन्हें प्रेरित किया है। विद्यालय के एनसीसी केयर टेकर सुदीप घोष का योगदान सराहनीय रहा। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास मिश्रा, एनसीसी अधिकारी डॉ. प्रसेनजीत कर्मकार एवं विद्यालय प्रबंधन समिति ने सभी सम्मानित कैडेट्स को उनकी उपलब्धियों के लिए हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान समारोह कैडेट्स के लिए गर्व और प्रेरणा का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ, जिसने उन्हें आगे और बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button