रजौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी और शराब कांड के दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

📍रजौली (नवादा) | मनीष कुमार

रजौली थाना पुलिस ने लंबित मामलों में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। दोनों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें मंडल कारा नवादा भेज दिया गया।

 

थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि थाना कांड संख्या 256/26 में चोरी की बाइक का उपयोग कर शराब तस्करी करने के मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त शोहदा गांव निवासी शंकर कुमार उर्फ शंकर पासवान को एएसआई सत्यदेव प्रसाद एवं पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है।

 

वहीं वर्ष 2021 में कुंभियातरी जंगल के पिछली नदी किनारे संचालित अवैध शराब भट्ठियों के मामले में दर्ज थाना कांड संख्या 288/21 के फरार अभियुक्त दुलरपुरा गांव निवासी गुड्डू कुमार उर्फ आयुष राज को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में उस समय 10 शराब कारोबारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

 

थानाध्यक्ष ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। शराब तस्करी, चोरी तथा अन्य मामलों में फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है।

 

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में मंडल कारा नवादा भेज दिया गया है। लगातार हो रही कार्रवाई से शराब कारोबारियों और अपराधियों में हड़कंप है। थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र को अपराधमुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button