जमीन विवाद में महिला की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

रांची: राजधानी रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र में हुए मोचोकनी देवी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह जमीन विवाद था।
जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल को तमाड़ थाना क्षेत्र के बेलबेड़ा गांव स्थित उदय टोला में एक महिला का शव बरामद हुआ था। मृतका की पहचान मोचोकनी देवी के रूप में हुई थी, जिनकी धारदार हथियार से निर्ममता के साथ हत्या की गई थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतका का अपने पड़ोसी से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। इसी रंजिश में आरोपी सुण्डी मुंडा उर्फ काटे ने गुस्से में आकर लोहे की दाउली से महिला का गला काटकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की दाउली भी बरामद कर ली गई है।
इस संबंध में मृतका के पति बुड़का मुंडा के लिखित आवेदन के आधार पर तमाड़ थाना में कांड संख्या 22/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।



