सांसद विवेक ठाकुर का भव्य स्वागत: जनचेतना सह विकास समिति ने रखीं अनुमंडल समेत 4 सूत्री मांगे

पकरीबरावां (नवादा) कृति कुमारी। पकरीबरावां ब्लॉक के पास स्थित कृष्ण प्रसाद यादव सामुदायिक भवन में जनचेतना सह विकास समिति की ओर से नवादा के सांसद विवेक ठाकुर का नागरिक अभिनंदन सह स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में सांसद विवेक ठाकुर ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद समिति के पदाधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने बुके व फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
समारोह में समिति ने पकरीबरावां के विकास से जुड़ा 4 सूत्री ज्ञापन सांसद को सौंपा, जिनमें भौगोलिक और प्रशासनिक दृष्टि से योग्य होने के कारण पकरीबरावां को पूर्ण अनुमंडल घोषित किया जाए।नवादा-पकरीबरावां-जमुई प्रस्तावित नई रेलवे लाइन के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और प्रशासनिक अड़चनें दूर की जाएं।
पकरीबरावां बाजार व मुख्य मार्गों पर लगने वाले भीषण जाम से स्थायी समाधान किया जाए। जाम के कारण आम लोगों के साथ एम्बुलेंस में फंसे मरीजों की जान भी जोखिम में पड़ती है। महिला शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए पकरीबरावां में समर्पित महिला डिग्री कॉलेज की स्थापना की जाए।
सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि वे सभी मांगों को केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष मजबूती से रखेंगे। पकरीबरावां के विकास और बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष कमलेश कुमार और संचालन सचिव महेंद्र प्रसाद शर्मा ने किया।
इस अवसर पर अवधेश पासवान, दिनेश यादव, राजीव कुमार, प्रमोद यादव, भरत पासवान, शमशेर आलम, दिलीप कुमार रंजन, अशोक पासवान, दामोदर यादव, डिम्पल सिंह, धर्मेंद्र यादव, सुखदेव पासवान, सुदामा चौहान, दिनेश पासवान समेत सैकड़ों स्थानीय नागरिक मौजूद थे। पूरा परिसर स्वागत और विकास की मांगों के नारों से गूंजता रहा।



