स्कूल में सीट की कमी पर भड़की विधायक देवंती यादव, हाई स्कूल निर्माण का दिया भरोसा
देवंती यादव ने छात्रों से मिलकर सुनी समस्याएं, कहा शिक्षा से समझौता नहीं

नरपतगंज : प्रखंड के नवाबगंज पंचायत स्थित मध्य विद्यालय, मानिकपुर में स्थानीय विधायक देवंती यादव ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
इस दौरान उन्होंने कहा कि अधिकांश पंचायतों में उच्च विद्यालय की सुविधा है, लेकिन मानिकपुर पंचायत के बच्चों का अब तक इससे वंचित रहना दुर्भाग्यपूर्ण है। कुन कुन देवी उच्च विद्यालय में नामांकन के लिए सीटों की कमी के कारण 8वीं पास छात्र-छात्राओं को हो रही परेशानी को उन्होंने चिंताजनक बताया।
विधायक ने आश्वासन दिया कि किसी भी हाल में बच्चों का भविष्य प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी छात्रों का नामांकन सुनिश्चित कराया जाएगा और मानिकपुर पंचायत में उच्च विद्यालय के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर शीघ्र स्कूल बनवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह की स्थिति व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, जिसे सुधारना प्राथमिकता है। छात्रहित को सर्वोच्च बताते हुए उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रखने की बात कही।
मौके पर लोजपा जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश पोद्दार सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।
इसी क्रम में विधायक देवंती यादव ने नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र के भरगामा एवं महथावा में शोकाकुल परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की l



