रजौली में जनगणना 2027 के पायलट प्रोजेक्ट का प्रशिक्षण शुरू, गुरुवार से तीन पंचायतों में होगी स्वगणना

📍रजौली (नवादा) | मनीष कुमार
भारत की जनगणना 2027 के पूर्व परीक्षण (पायलट प्रोजेक्ट) को लेकर रजौली मध्य विद्यालय में बुधवार से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया। इस प्रशिक्षण में 96 प्रगणकों और 17 पर्यवेक्षकों को जनगणना की प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन जनगणना निदेशालय के सहायक निदेशक अंगद सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस दौरान एसआई-1 संदीप कुमार, एसआई-2 प्रताप सिन्हा, चार्ज अधिकारी सह बीडीओ संजीव झा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। जनगणना विभाग के संयुक्त निदेशक गोपाल साह ने भी प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2027 की मुख्य जनगणना से पहले देश के चुनिंदा क्षेत्रों में पायलट प्रोजेक्ट चलाया जा रहा है। रजौली को भी इस परियोजना के लिए चयनित किया गया है। यहां से प्राप्त अनुभव और सुझावों के आधार पर मुख्य जनगणना की प्रक्रिया को और बेहतर बनाया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल गणना के साथ-साथ कागजी प्रक्रिया की भी जानकारी दी जा रही है।
गुरुवार से तीन पंचायतों में होगी स्वगणना
बीडीओ संजीव झा ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद गुरुवार से जोगियामारण, सिरोडावर और चितरकोली पंचायतों में स्वगणना (Self Enumeration) का कार्य शुरू किया जाएगा। इन पंचायतों में जनगणना का ट्रायल किया जाएगा ताकि वर्ष 2027 की मुख्य जनगणना के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या व्यावहारिक समस्या न आए।

बारिश से प्रशिक्षण स्थल पर जलजमाव
बुधवार दोपहर हुई तेज बारिश के कारण मध्य विद्यालय परिसर में जलजमाव हो गया, जिससे प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभावित हुआ। स्थिति को देखते हुए बीडीओ संजीव झा ने नगर पंचायत से पानी निकालने की मशीन मंगवाई, हालांकि तत्काल समस्या का पूर्ण समाधान नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि जलनिकासी के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा प्रशिक्षण प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।



