स्माइल योजना के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में धनबाद में हुआ गरिमा गृह का उद्घाटन

धनबाद: ट्रांसजेंडर समुदाय के सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आज दिनांक 15 जून 2026 को स्माइल योजना के अंतर्गत मंथन संस्था द्वारा संचालित गरिमा गृह का उद्घाटन किया गया। यह उद्घाटन उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती स्नेह कश्यप द्वारा किया गया।
उद्घाटन अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि गरिमा गृह ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों को सुरक्षित आश्रय, सामाजिक सुरक्षा, परामर्श, कौशल विकास एवं मुख्यधारा से जुड़ने के अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय लंबे समय से सामाजिक चुनौतियों का सामना करता रहा है। ऐसे में यह पहल न केवल उन्हें सुरक्षित आवास उपलब्ध कराएगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कानूनी सहायता, मानसिक परामर्श तथा रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने में भी सहायक होगी। इससे समुदाय के सदस्यों को सम्मानजनक जीवन जीने और समाज की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी निभाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने गरिमा गृह का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों की रक्षा एवं उनके समग्र विकास के लिए सरकार और सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।

मंथन संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि गरिमा गृह के माध्यम से ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित समुदाय के सदस्यों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी साधना कुमारी, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी सदस्य ममता अरोड़ा, चाइल्ड प्रोविजनल ऑफिसर आनंद कुमार, ट्रांसजेंडर कल्याण बोर्ड की श्वेता किन्नर, मंथन संस्था के सचिव बिपलब महतो, कोषाध्यक्ष द्विज पद महतो, प्रबंधक धनंजय कुमार, पंकज कुमार, शक्ति कुमार, नीलकमल महतो, सूरज कुमार, रणजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।



