स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारी को लेकर नगर आयुक्त का कूड़ा निस्तारण प्लांट का औचक निरीक्षण

देवघर। नगर आयुक्त रोहित सिन्हा ने सोमवार 19 जनवरी 2026 को नगर निगम के कूड़ा निस्तारण प्लांट का औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारी के मद्देनज़र किया गया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने प्लांट की समग्र कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा कूड़े से निकलने वाले आरडीएफ, कंपोस्ट एवं रिसाइक्लेबल सामग्री के शत-प्रतिशत वैज्ञानिक एवं नियमित निस्तारण का स्पष्ट निर्देश दिया।
सेनेटरी लैंडफिल (एसएलएफ) के निरीक्षण के क्रम में यह पाया गया कि इनर्ट वेस्ट का निस्तारण वैज्ञानिक पद्धति से नहीं किया जा रहा है। इस लापरवाही पर नगर आयुक्त ने प्लांट प्रबंधक को कड़ी फटकार लगाई और त्वरित सुधार के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने नगर प्रबंधक सतीश कुमार को निर्देशित किया कि वे आगामी एक माह तक प्रतिदिन प्लांट की सभी गतिविधियों, विशेषकर एसएलएफ के संचालन का निरीक्षण करें।
यह भी निर्देश दिया गया कि प्रतिदिन का निरीक्षण प्रतिवेदन सहायक नगर आयुक्त के माध्यम से नगर आयुक्त को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर एवं उन्नत अंक प्राप्त करने के लिए प्लांट का सुचारू, नियमित एवं मानक अनुरूप संचालन अत्यंत आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार एवं नगर प्रबंधक सतीश कुमार उपस्थित रहे।



