ककोलत जलप्रपात में बढ़ा प्रवेश शुल्क, पर्यटकों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर जोर

kakolat-waterfall-entry-fee-revised-tourist-safety-crowd-management

नवादा : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश, पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी श्रेष्ठ कृष्णा द्वारा संयुक्त रूप से आज गोविंदपुर प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ककोलत जलप्रपात का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पर्यटकों की अत्यधिक भीड़, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, यातायात नियंत्रण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि गर्मी के मौसम एवं अवकाश के दिनों में ककोलत जलप्रपात में प्रतिदिन हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं, जिसके कारण स्थल पर अत्यधिक दबाव उत्पन्न हो रहा है। कई अवसरों पर अत्यधिक भीड़ के कारण कुंड क्षेत्र में अव्यवस्था, सुरक्षा संबंधी जोखिम एवं पर्यावरणीय दबाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इसे ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन, पर्यटकों की सुविधा,पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रवेश शुल्क एवं पार्किंग शुल्क की दरों में संशोधन करने का निर्णय लिया गया।

Kakolat Waterfall Tourist Spot

जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि ककोलत जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता एवं पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। बढ़ती पर्यटक संख्या के कारण पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आपदा प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर अतिरिक्त दबाव बढ़ा है। पर्यटकों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्णय लिया गया है,जो निम्नवत है-

भीड़ नियंत्रण एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन अधिकतम 8000 टिकट ही निर्गत किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त कुंड क्षेत्र में एक समय में सीमित संख्या में ही पर्यटकों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के दृष्टिकोण से कुंड क्षेत्र में पर्यटकों के ठहराव की अवधि अधिकतम एक घंटा निर्धारित की गई है। एक घंटे की अवधि पूर्ण होने के उपरांत कुंड क्षेत्र में मौजूद पर्यटकों को वापस भेजा जाएगा तथा उसके बाद नए पर्यटकों को प्रवेश की अनुमति प्रदान की जाएगी, ताकि सभी पर्यटक सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से स्थल का आनंद ले सकें।

Kakolat Waterfall Tourist Spot

संशोधित दरें निम्नवत् निर्धारित की गई हैं

सोमवार से शुक्रवार तक (मंगलवार बंद रहेगा)
प्रवेश शुल्क – ₹100 प्रति व्यक्ति
टू-व्हीलर पार्किंग शुल्क – ₹100
फोर-व्हीलर पार्किंग शुल्क – ₹200

शनिवार एवं रविवार
प्रवेश शुल्क – ₹200 प्रति व्यक्ति
टू-व्हीलर पार्किंग शुल्क – ₹200
फोर-व्हीलर पार्किंग शुल्क – ₹400

उक्त सभी निर्णय दिनांक 21.05.2026 से प्रभावी होंगे एवं माह जुलाई 2026 तक लागू रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय केवल व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन, पर्यटकों की सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन स्थल के समुचित रख-रखाव के उद्देश्य से लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button