कौआकोल में 100 सीट वाली एनआईटीएन लाइब्रेरी का भव्य उद्घाटन, छात्रों को मिलेगा आधुनिक अध्ययन माहौल

कौआकोल (नवादा) रौशन कुमार सोनू। कौआकोल बाजार से आश्रम जाने वाली मुख्य सड़क पर बघेल नदी के समीप बुधवार को 100 सीटों वाली एनआईटीएन लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों,विद्यार्थियों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। लाइब्रेरी के उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र के छात्रों में उत्साह का माहौल देखा गया। लाइब्रेरी के संचालक प्रमोद कुमार बर्णवाल उर्फ प्रमोद सर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस लाइब्रेरी की शुरुआत की गई है।
उन्होंने कहा कि अक्सर छात्रों को शांत वातावरण और आवश्यक सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई करने में कठिनाई होती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस लाइब्रेरी की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी में छात्रों को वातानुकूलित एवं शांत वातावरण, व्यक्तिगत सामान रखने के लिए लॉकर सुविधा, शुद्ध पेयजल हेतु आरओ वाटर,निर्बाध पढ़ाई के लिए बेहतर लाइट व्यवस्था,मोबाइल उपयोगकर्ताओं के लिए फोन चार्जिंग पॉइंट,सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा, भोजन के लिए लंच प्वाइंट तथा इंटरनेट सुविधा के लिए फ्री वाई-फाई समेत अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराया गया है।
संचालक ने कहा कि यह लाइब्रेरी खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। इससे स्थानीय छात्रों को बड़े शहरों की तरह बेहतर पढ़ाई का माहौल अपने क्षेत्र में ही मिल सकेगा। उद्घाटन के दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम बताया।



