मैत्रेय स्कूल में पीसीओएस जागरूकता कार्यशाला
मदर्स डे पर मैत्रेय स्कूल में “मासिक धर्म स्वच्छता एवं पीसीओएस जागरूकता” कार्यशाला आयोजित
देवधर। बरमासिया स्थित मैत्रेय स्कूल विद्यालय परिसर में मदर्स डे के अवसर पर माताओं एवं किशोर छात्राओं के लिए “मासिक धर्म स्वच्छता एवं पीसीओएस जागरूकता” विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा प्रिया मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यशाला के दौरान डॉ. नेहा प्रिया ने महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता, पीसीओएस (Polycystic Ovary Syndrome), संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने इस विषय से जुड़े मिथकों एवं भ्रांतियों को दूर करते हुए प्रतिभागियों को खुलकर चर्चा करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की छात्राओं एवं उनकी माताओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें स्वस्थ एवं आत्मविश्वासी जीवन के लिए प्रेरित करना था।
विद्यालय की प्राचार्य विनीता मिश्रा ने मुख्य अतिथि डॉ. नेहा प्रिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि माताएँ परिवार की धुरी होती हैं और पूरे परिवार की जिम्मेदारी निभाते हुए अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देती हैं। मदर्स डे के अवसर पर उन्होंने सभी महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी माताओं एवं अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया गया।



