दुमका में भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक: जल संकट के खिलाफ 9 मई को आक्रोश मार्च का ऐलान

दुमका। भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारियों एवं सभी मंडल अध्यक्षों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान संगठन को मजबूत बनाने, शेष मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने तथा आगामी जिला स्तरीय प्रशिक्षण की तैयारियों को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने, बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में आम जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों, विशेषकर पेयजल संकट पर गंभीर मंथन किया गया। जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य की जनता पानी की समस्या से त्रस्त है, जबकि सरकार और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने भीषण गर्मी में अनियमित बिजली आपूर्ति और जल संकट को जनता के लिए गंभीर समस्या बताया।

सरकार की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सरकार मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल साबित हो रही है और जनता की समस्याओं के प्रति उसकी उदासीनता अब असहनीय हो चुकी है।

रूपेश मंडल ने घोषणा की कि जल संकट को लेकर भाजपा 9 मई 2026 को दुमका जिला समाहरणालय परिसर में धरना सह आक्रोश मार्च का आयोजन करेगी। इस आंदोलन के माध्यम से सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर जनता की आवाज बुलंद की जाएगी।

बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों ने इस आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं व आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button