अररिया में राजद का एक दिवसीय धरना, डॉ. अविनाश आनंद के नेतृत्व में एनडीए सरकार पर तीखा हमला, महंगाई-बेरोजगारी को लेकर गरजे नेता

अररिया में सैकड़ों कार्यकर्ताओं का जुटान, नेताओं ने कहा- जनता परेशान, सरकार बेखबर

अररिया। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अररिया द्वारा बढ़ती महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और गिरती कानून-व्यवस्था के विरोध में जिला मुख्यालय अररिया में एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष डॉ. अविनाश आनंद की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में राजद नेताओं ने राज्य की एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला और जनहित के मुद्दों पर सरकार को पूरी तरह विफल करार दिया।

धरना कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव अरुण यादव, अररिया जिला प्रभारी प्रो. (डॉ.) कुमार चंद्रदीप, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री शाहनवाज आलम, रानीगंज विधायक अविनाश मंगलम, नरपतगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मनीष यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष विश्वमोहन कुमार सहित राष्ट्रीय जनता दल के जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी, नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
पूर्व मंत्री शाहनवाज आलम ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान एनडीए सरकार के शासनकाल में गरीबी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल दावे और घोषणाएं कर रही है।

रानीगंज विधायक अविनाश मंगलम ने कहा कि सरकार गरीबों, दलितों और पिछड़े वर्गों की घोर विरोधी है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर तबकों को उनका अधिकार नहीं मिल पा रहा है और सरकार उनकी आवाज को नजरअंदाज कर रही है।
नरपतगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मनीष यादव ने कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं को सुलझाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। बेरोजगार युवा, किसान और मजदूर लगातार परेशान हैं लेकिन उनकी सुनवाई कहीं नहीं हो रही है।

राजद जिलाध्यक्ष डॉ. अविनाश आनंद ने कहा कि सरकार गरीबों, दलितों, अति पिछड़ों और अल्पसंख्यक समाज की हकमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और समान अवसर की बात करने वाली सरकार आज इन वर्गों को उनके अधिकारों से वंचित कर रही है।

जिला कार्यक्रम प्रभारी प्रो. (डॉ.) कुमार चंद्रदीप ने कहा कि बिहार सरकार जनसुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गरीबी, बेरोजगारी और अपराध चरम पर है। भ्रष्टाचार पूरे प्रदेश में फैला हुआ है और अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। किसानों और मजदूरों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है तथा अफसरशाही हावी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान एनडीए सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है।

अररिया राजद के जिला प्रधान महासचिव सह प्रवक्ता रामनारायण विश्वास ने कहा कि कभी जंगलराज का विलाप करने वाले लोग आज प्रदेश की बदहाल स्थिति पर चुप्पी साधे हुए हैं। वहीं प्रदेश महासचिव अरुण यादव ने कहा कि पूरा बिहार ग्लोबल वार्मिंग की चपेट में है और आम जनता त्राहिमाम कर रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है।

धरना कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष विश्वमोहन कुमार, राजद नेता डॉ.शत्रुघ्न प्रसाद मंडल, राकेश विश्वास, सरवर आलम, लालमोहन यादव, वाहिद अंसारी, अमित पूर्वे, क्रांति कुमार, शंभु यादव, मीर रज्जाक, संतोष यादव, राशिद रूमी, सुधीर यादव, कमाले हक, दीपशेखर जिम्मी, चंदन सिंह यादव, प्रखंड राजद अध्यक्ष मो.नसीम, हेमनारायण यादव, मो. मन्नान, धनंजय यादव, सुशील विश्वास, टिंकू पासवान, संतोष कुमार यादव, संजीत मंडल, भूलन ऋषिदेव, शुभम कुमार और अभिषेक चिंपू सहित सैकड़ों की संख्या में राजद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

धरना से दिया चुनावी संदेश, डॉ. अविनाश आनंद ने दिखाई संगठन की ताकत

अररिया में आयोजित इस धरना ने सिर्फ सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज नहीं कराया, बल्कि राजद की संगठनात्मक ताकत का भी प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने यह संकेत दिया कि सीमांचल में राजद आगामी राजनीतिक लड़ाई को जनसरोकारों के मुद्दों पर केंद्रित करने की रणनीति पर काम कर रही है। महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था को लेकर उठी यह आवाज आने वाले दिनों में राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बन सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button