दुमका: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्य में तेजी लाने का निर्देश, समय पर पूरा करें सभी लक्ष्य – उपायुक्त

दुमका। उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रखंडवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश

उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि गणना प्रपत्रों के संग्रहण के साथ-साथ उनके डिजिटाइजेशन का कार्य भी समानांतर रूप से तेज गति से पूरा किया जाए, ताकि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित लक्ष्य समय पर प्राप्त किए जा सकें।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।

पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा करें पुनरीक्षण कार्य

उपायुक्त ने सभी ERO एवं AERO को क्षेत्रीय स्तर पर नियमित अनुश्रवण करने तथा बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और पर्यवेक्षकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि जिले की निर्वाचक नामावली का अद्यतन कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button