कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष सह विधायक भूषण बाड़ा ने किया झंडोत्तोलन

सिमडेगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रिंस चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय में झंडोत्तोलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सह सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने झंडोत्तोलन कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने भी तिरंगे को नमन किया। मौके पर विधायक भूषण बाड़ा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान की शक्ति, लोकतंत्र की मजबूती और नागरिक कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत उसके आम नागरिक हैं, जो कठिन परिस्थितियों में भी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हैं। भूषण बाड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे की पक्षधर रही है। आज जरूरत है कि हम सभी मिलकर संविधान को कमजोर करने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट हों और देश के लोकतांत्रिक ढांचे को और मजबूत करें। उन्होंने युवाओं से आगे आकर देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने भी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान ने हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी सीख दी है और हमें उसे पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए। वहीं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने भी गणतंत्र दिवस की लोगों को बधाई दी। आज जरूरत है कि हम संविधान में दिए गए अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी पूरी ईमानदारी से निभाएँ। खासकर महिलाओं, युवाओं और आदिवासी समाज को आगे बढ़ाकर ही हम सशक्त भारत का निर्माण कर सकते हैं। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य उपस्थित थे।



