रजौली नगर पंचायत में वृक्षारोपण व बैठक, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 पर हुई चर्चा

रजौली(नवादा): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रजौली नगर पंचायत के पदाधिकारियों एवं वार्ड पार्षदों ने संयुक्त रूप से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। नगर पंचायत कार्यालय के परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाए गए। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी आतिश रंजन के निर्देश पर लोक स्वच्छता पदाधिकारी राहुल कुमार ने पर्यावरण दिवस पर सभी वार्ड पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के बारे में विस्तार से चर्चा की गई।
लोक स्वच्छता पदाधिकारी ने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का मुख्य उद्देश्य कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण सुनिश्चित करना, खुले में कचरा फेंकने एवं डंपिंग को रोकना, पुनर्चक्रण और संसाधन पुनर्प्राप्ति को बढ़ावा देना तथा वेस्ट टू वेल्थ एवं सर्कुलर इकोनॉमी को प्रोत्साहन देना है।
उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक अपशिष्ट उत्पादक को कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में पृथक करना अनिवार्य किया गया है। इसमें गीला कचरा, सूखा कचरा, सेनेटरी कचरा एवं विशेष देखभाल कचरा शामिल है। सभी वार्ड पार्षदों से अपील की गई कि वे अपने-अपने वार्ड में लोगों को कचरा पृथक्करण के लिए जागरूक करें।
‘हर नागरिक लगाए एक पेड़’ :
बैठक के बाद नगर पंचायत परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम हुआ। इस दौरान वार्ड पार्षदों ने कहा कि भारत के प्रत्येक नागरिक को एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। पेड़ लगाने से पर्यावरण एवं वातावरण संतुलित रहता है। पेड़ों से लोगों को स्वच्छ हवा और स्वच्छ वातावरण मिलता है।
इस मौके पर वार्ड 01 से राम भजन, वार्ड 02 से सुखदेव मांझी, वार्ड 03 से मुकेश यादव, वार्ड 04 से बब्लू पंडित, वार्ड 05 से विजय दास, वार्ड 06 से सुमित सिंह, वार्ड 07 से गोपाल सिंह, वार्ड 08 से गोपाल यादव, वार्ड 10 से संतोष वर्मा, वार्ड 11 से सतीश कुमार, वार्ड 13 से मेवालाल साह, वार्ड 14 से धीरज कुमार चौधरी, कुश कुमार सुमित समेत नगर पंचायत कार्यालय के कई कर्मी उपस्थित थे।



