रजौली में प्रखंड सहयोग सह जनकल्याण शिविर आयोजित, 127 लोगों ने विधायक के समक्ष रखीं समस्याएं

रजौली/नवादा (मनीष कुमार) : रजौली प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में गुरुवार को प्रखंड सहयोग सह जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। बीडीओ संजीव झा के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में रजौली विधायक विमल राजवंशी और 20 सूत्री सदस्य गौरव शांडिल्य गगन भी शामिल हुए। इस दौरान कुल 127 लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे। शिविर की शुरुआत में बीडीओ संजीव झा और सीओ मो. गुफरान मजहरी ने विधायक विमल राजवंशी को पौधा लगा गमला भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर सीडीपीओ सीता कुजूर समेत प्रखंड के दर्जनों पदाधिकारी मौजूद रहे। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर लोगों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया गया।

127 आवेदन प्राप्त, कई योजनाओं का लाभ मिला:-

शिविर में कुल 127 आवेदन प्राप्त हुए। आयुष्मान भारत पीएम जेएवाई के तहत 7 नए कार्ड और आयुष्मान वय वंदना योजना का 1 कार्ड बनाया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अंतर्गत 56 वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांगजनों के नए नामांकन किए गए और लंबित भुगतान का निपटान किया गया। पीएम सूर्यघर-मुफ्त बिजली योजना के तहत 8 आवेदन स्वीकृत हुए। इसके अलावा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के 17, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के 2, दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं उपकरण हेतु 18 तथा मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना के लिए 3 नए पंजीकरण समेत अन्य दर्जनों आवेदन प्राप्त हुए।

विधायक ने दिया त्वरित कार्रवाई का निर्देश:-

विधायक विमल राजवंशी ने शिविर में मौजूद ग्रामीणों से सीधे रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा है कि लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। इसी उद्देश्य से प्रखंड स्तर पर सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। बीडीओ संजीव झा ने बताया कि जिन आवेदनों का निष्पादन शिविर में नहीं हो सका, उन्हें समयबद्ध तरीके से निपटाया जाएगा। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button