बानो प्रखंड के कोवाबेड़ा जंगल में अवैध बालू का स्टॉक, ग्रामीणों में आक्रोश

सिमडेगा। जिला बानो प्रखंड अंतर्गत गेनमेर पंचायत के कोवाबेड़ा जंगल पथरा के पास अवैध रूप से बालू का स्टॉक किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार जंगल क्षेत्र में बड़ी मात्रा में बालू जमा कर रखा गया है, जबकि आसपास किसी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं चल रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि गेनमेर, जमताई एवं रायकेरा पंचायत में बन रहे सरकारी आवासों के लिए लोगों को बालू उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। बालू की कमी के कारण कई लाभुकों का निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है और वे काफी परेशान हैं।

आरोप है कि एक ओर आम लोगों को बालू नहीं मिल रही है, वहीं दूसरी ओर बालू माफिया धड़ल्ले से सप्लाई कर रहे हैं और जंगल क्षेत्र में स्टॉक कर रहे हैं। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां बालू का स्टॉक किया गया है, वहां न तो कोई आवास है और न ही कोई निर्माण कार्य, ऐसे में जंगल क्षेत्र में बालू जमा करना कई सवाल खड़े करता है।

अब देखने वाली बात यह होगी कि संबंधित विभाग, विशेषकर खनन विभाग, इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब जांच कर अवैध स्टॉक को जब्त करने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button