नवादा में अपर समाहर्ता और मद्यनिषेध अधीक्षक को भावभीनी विदाई, अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

📍नवादा | राजीव कुमार

नवादा जिला अतिथि गृह में गुरुवार को अपर समाहर्ता डॉ. अनिल कुमार तिवारी के स्थानांतरण तथा मद्यनिषेध अधीक्षक अरुण कुमार मिश्रा के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर सम्मानपूर्वक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मियों ने दोनों अधिकारियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

 

जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने डॉ. अनिल कुमार तिवारी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने प्रशासनिक दायित्वों का कुशलता, दक्षता और समर्पण के साथ निर्वहन किया। विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

जिलाधिकारी ने मद्यनिषेध अधीक्षक अरुण कुमार मिश्रा के लंबे और उत्कृष्ट सेवाकाल की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि श्री मिश्रा ने पूरी सेवा अवधि में ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। विभागीय कार्यों के सफल संचालन तथा प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद उनके स्वस्थ, सुखद और मंगलमय जीवन की कामना की।

अपने संबोधन में डॉ. अनिल कुमार तिवारी और अरुण कुमार मिश्रा ने जिला पदाधिकारी, सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नवादा में कार्य करने का अनुभव उनके लिए अत्यंत सुखद और प्रेरणादायी रहा तथा यहां मिले सहयोग, स्नेह और आत्मीयता को वे हमेशा याद रखेंगे।

 

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, प्रशिक्षु आईएएस, नवादा सदर एवं रजौली के अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button