आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत देवघर में फार्मेसी पंजीकरण अभियान तेज

देवघर। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को डिजिटल बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के तहत सभी नागरिकों के लिए आभा नंबर (ABHA ID) बनाया जा रहा है। साथ ही, सभी चिकित्सकों, नर्सों और लैब टेक्नीशियनों को हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री (HPR) तथा अस्पतालों, प्रयोगशालाओं और फार्मेसी को हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (HFR) में पंजीकृत किया जाना अनिवार्य है।
देवघर जिले में इस दिशा में कार्य तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. शरद कुमार ने बताया कि जिले में लगभग 400 दवा दुकानें हैं, जिन्हें इस पोर्टल पर पंजीकृत करना आवश्यक है। इस विषय में पहले भी औषधि निरीक्षक और ड्रग एसोसिएशन के पदाधिकारियों से कई बार चर्चा की गई थी, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया था।
इसके बाद उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा से मुलाकात कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया गया। उपायुक्त ने स्वयं पहल करते हुए प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सभी दवा दुकानदारों से जल्द से जल्द पंजीकरण कराने की अपील की।
इस पहल के परिणामस्वरूप आज टावर चौक स्थित पुराने सदर अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस अभियान के दौरान अब तक 33 फार्मेसी दुकानों का सफलतापूर्वक पंजीकरण किया गया।
डॉ. शरद कुमार ने जानकारी दी कि यह पंजीकरण अभियान कल भी पूर्वाह्न 11 बजे से उसी स्थान पर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि जल्द से जल्द जिले की सभी फार्मेसी को पोर्टल पर पंजीकृत किया जाए।
आज के कैंप में ड्रग एसोसिएशन का सहयोग काफी सकारात्मक रहा, जिसके कारण यह अभियान सफल हो पाया। डॉ. शरद कुमार ने विशेष रूप से ड्रग एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक गुप्ता एवं दिवाकर जी का आभार व्यक्त किया और सभी दवा दुकानदारों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।



