बिना दान-दहेज के 21 जून को विवाह बंधन में बंधेंगे 51 जोड़े, होगा सामूहिक विवाह, 14 दिव्यांग जोड़े भी लेंगे सात फेरे

पटना। मां वैष्णो देवी सेवा समिति द्वारा लगातार 14वें वर्ष भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष यह आयोजन 21 जून को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में होगा, जहां 51 युवक-युवतियां वैवाहिक जीवन में प्रवेश करेंगे।
कार्यक्रम के संयोजक कन्हैया अग्रवाल ‘कन्नू’ ने बताया कि विवाह करने वाले 51 जोड़ों में 14 दिव्यांग जोड़े भी शामिल हैं। इनमें 4 दृष्टिबाधित (ब्लाइंड), 2 मूक-बधिर तथा 8 अन्य दिव्यांग जोड़े हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और दहेज-मुक्त विवाह की प्रेरणा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश अमिताभ ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर तथा गायिका रितिका राज की विशेष उपस्थिति भी रहेगी। दोनों कलाकार थैलेसीमिया को मात देने वाले बच्चों को सम्मानित करेंगी।
समिति द्वारा इस अवसर पर “मां वैष्णो देवी सेवा सम्मान” से छह विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान प्राप्त करने वालों में आजतक के सुप्रिय प्रसाद, पत्रकार महिमा सिंह, अनुपम कृष्ण दास (चंद्रोदय मंदिर, वृंदावन), समाजसेवी मृत्युंजय तिवारी, स्पोर्ट्स बिजनेस विशेषज्ञ नीरज झा तथा फिल्म कलाकार बुल्लू कुमार शामिल हैं।
समिति के सचिव संजय तोतला ने बताया कि नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन प्रारंभ करने हेतु आवश्यक घरेलू सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की जाएगी। वहीं सह-संयोजक जितेंद्र कुमार ‘जित्तू’ ने जानकारी दी कि सभी 51 जोड़ों को 21 जून की सुबह से महाराणा प्रताप भवन में ठहराया जाएगा। प्रत्येक जोड़े के साथ वर एवं वधू पक्ष से 10-10 बारातियों के रहने की व्यवस्था की गई है। यहीं विवाह पूर्व की सभी पारंपरिक रस्में संपन्न होंगी।
इसके बाद शाम 4 बजे महाराणा प्रताप भवन से 51 घोड़ों पर सवार 51 दूल्हों की भव्य बारात निकलेगी, जो विवाह स्थल श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल पहुंचेगी।
कोषाध्यक्ष प्रकाश कुमार अग्रवाल ने बताया कि श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल परिसर में 51 मंडप सजाए जाएंगे, जहां वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संस्कार संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक सामग्री एवं आचार्य उपलब्ध रहेंगे। विवाह से पूर्व सभी जोड़ों का जयमाल समारोह मुख्य हॉल में आयोजित किया जाएगा।
एम.पी. जैन ने बताया कि विवाह उपरांत सभी अतिथियों एवं नवविवाहित जोड़ों के लिए रात्रि भोज की भी व्यवस्था की गई है। इस आदर्श सामूहिक विवाह समारोह में समाज के हजारों गणमान्य एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित होकर नवदंपत्तियों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।



