प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत उदाकिशुनगंज में 8 टीबी मरीजों को मिला पोषण किट

संजीव कश्यप
उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) उदाकिशुनगंज में चिन्हित आठ टीबी (तपेदिक) मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी रोगियों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर उनके उपचार को प्रभावी बनाना तथा समाज को ‘निक्षय मित्र’ बनकर इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रूपेश कुमार की देखरेख में प्रखंड विकास पदाधिकारी गुलज़ारी कुमार पंडित तथा अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पी.पी. राजन की उपस्थिति में मरीजों को खाद्य सामग्री किट वितरित की गई।
निक्षय मित्र बनकर कर सकते हैं टीबी मरीजों की मदद
अधिकारियों ने कहा कि कोई भी व्यक्ति, कॉर्पोरेट संस्था, स्वयंसेवी संगठन (NGO) या जनप्रतिनिधि निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को गोद ले सकता है और उन्हें 6 महीने से 3 वर्ष तक पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराकर उनके उपचार में सहयोग दे सकता है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रूपेश कुमार ने मरीजों को समय पर दवा लेने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि आशा फेसिलिटेटर और आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से क्षेत्र में संभावित टीबी मरीजों की नियमित जांच और स्क्रीनिंग की जा रही है।
जदयू कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ से मिलीं शगुफ्ता अजीम, संगठन मजबूती और राजनीतिक गतिविधियों पर हुई चर्चा
आठ मरीजों को मिला पोषण किट
इस अवसर पर उदाकिशुनगंज अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों के आठ टीबी मरीजों को आटा, चावल, दाल, तेल, सोयाबड़ी और चना सहित आवश्यक खाद्य सामग्री से युक्त पोषण किट प्रदान की गई।
वरीय यक्ष्मा पर्यवेक्षक राजेश कुमार तथा बुधामा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सह HSC के सीएचओ मुहम्मद सकील अख्तर ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी गुलज़ारी कुमार पंडित एवं अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पी.पी. राजन ने निक्षय मित्र के रूप में मरीजों के बीच किट वितरित की।
उन्होंने बताया कि प्रमोद मंडल, राधे मुखिया, धौली देवी, सूरज कुमार, पूनम कुमारी, सुनीता देवी, प्रभाष कुमार सिंह और अरविंद पोद्दार को पोषण किट उपलब्ध कराई गई। साथ ही क्षेत्र में टीबी के संभावित मरीजों की नियमित स्क्रीनिंग अभियान भी जारी है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।



