स्कूल लीग में चैंजर्स और बॉम्बर्स का जलवा

पटना। पटना टर्निंग प्वायंट के तत्वावधान में खेली जा रही कासा पिकोला स्कूल क्रिकेट लीग अंडर-15 सीजन-6 में गुरुवार को खेले गए दोनों मुकाबलों में संत जोसफ चैंजर्स और आजिंक्य बॉम्बर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। एक तरफ चैंजर्स ने क्वांटम वारियर्स को चार विकेट से हराया, तो दूसरी ओर बॉम्बर्स ने आदित्य दबंग को 47 रन से मात दी। कृष्णा क्रिकेट मैदान पर खेले गए पहले मैच में क्वांटम वारियर्स और संत जोसफ चैंजर्स आमने-सामने थे। टॉस जीतकर चैंजर्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। वारियर्स की टीम 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 15.5 ओवर में 116 रन पर सिमट गई।

टीम के लिए अमन कुमार, रक्षित सिंह और रजनीश ने 18-18 रन का योगदान दिया, जबकि अतिरिक्त के रूप में 26 रन मिले। चैंजर्स की ओर से अर्पित लाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके अलावा श्रीजन ने 2/15, विशाल कुमार ने 2/13 और तेजस झा ने 1/13 का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चैंजर्स की टीम ने 14 ओवर में 6 विकेट खोकर 117 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से युवराज सिंह ने 30, तमजीद आलम ने 21, जीत यादव ने 18 और श्याम आर्या ने 12 रन बनाए। वारियर्स की ओर से अमन कुमार ने 3/10 की शानदार गेंदबाजी की। शानदार प्रदर्शन के लिए अर्पित लाल को मैन आॅफ द मैच चुना गया। दिन के दूसरे मैच में आजिंक्य बॉम्बर्स और आदित्य दबंग के बीच मुकाबला खेला गया।

टॉस जीतकर बॉम्बर्स ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 20 ओवर में 7 विकेट पर 156 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।टीम के लिए नंदजी सिंह ने 31 रन बनाए, जबकि कप्तान प्रियांशु राजकुमार ने नाबाद 25 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। रेयांश कार्तिक (19) और रेयांश राज (15) ने भी उपयोगी योगदान दिया।जवाब में आदित्य दबंग की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 109 रन ही बना सकी। आदर्श राज ने 35 रन बनाए, जबकि युगवीर यादव ने 17 और रजनीश ने 14 रन का योगदान दिया।बॉम्बर्स की ओर से शाश्वत ने 3/7 की घातक गेंदबाजी की, जबकि प्रियांशु राजकुमार ने भी 3 ओवर में एक मेडन रखते हुए सिर्फ 3 रन देकर 2 विकेट चटकाए। रौनक रणवीर ने 2/21 का योगदान दिया। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए प्रियांशु राजकुमार को दीपमाला गुप्ता एवं निशा सिंह ने प्लेयर आॅफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button