सहयोग शिविर का प्रभारी मंत्री ने किया निरीक्षण, जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

वारिसलीगंज (नवादा) अभय कुमार रंजन। सात निश्चय पार्ट-श्री के अंतर्गत “संकल्प आम नागरिकों का जीवन आसान होगा” के तहत, बिहार सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री प्रो. संतोष सुमन ने मंगलवार को कुटरी पंचायत के नारोमुरार गांव में आयोजित सहयोग सह जनकल्याण शिविर में कहा कि अधिकारियों को जन समस्याओं के निपटारे में कोई कोताही नहीं बरतनी चाहिए। उन्होंने समय पर समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि सुशासन की सरकार द्वारा दी जाने वाली सेवाओं का त्वरित निष्पादन एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जानबूझकर आवेदन लंबित करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने यह भी बताया कि सरकार अगले पांच वर्षों में एक करोड़ बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए संकल्पित है। शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर 12 व्यक्तियों को राशन कार्ड और चार आवेदकों को जन्म प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। ग्रामीणों ने राशन कार्ड प्राप्त कर खुशी व्यक्त की।
शिविर में कुल 48 आवेदनों में से 12 राशन कार्ड, चार जन्म प्रमाणपत्र, 10 पेंशन, 15 आवास और दो शौचालय से संबंधित आवेदनों का त्वरित निपटारा किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बीडीओ अमित कुमार ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कुटरी पंचायत की मुखिया अभिनव आनंद ने किया।मौके पर भूमि सुधार उपसमाहर्ता गौरव शंकर, बीडीओ अमित कुमार, सीओ राजेश कुमार, थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी, एमओ गुंजन भारती, मनरेगा पीओ कुमुद रंजन, बिजली विभाग के कनीय अभियंता राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण लोग मौजूद रहे।



