25वीं वैवाहिक वर्षगांठ पर हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

बिहिया। मोतिरामपुर निवासी संदीप पांडेय की 25वीं वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर आम के पौधे लगाए गए। पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. काशी पहलवान ने किया।
इस अवसर पर पर्यावरणविद् रमेश कुमार सुदामा ने कहा कि धरती पर रहने वाले प्रत्येक जीव के लिए पौधे जीवनदायी हैं। बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याओं से बचाव के लिए पेड़-पौधे सबसे मजबूत ढाल हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा दूसरों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित करना चाहिए। साथ ही लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन करना भी जरूरी है।
शिक्षक डॉ. सुनील पांडेय ने कहा कि जीवन के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक हो गया है। हरे-भरे पेड़ों की कटाई तेजी से हो रही है। यदि इसी तरह पेड़ों की कटाई जारी रही तो हरियाली के बिना धरती प्रदूषण से नर्क बन जाएगी।
कार्यक्रम में डॉ. सुनील पांडेय, काशी पांडेय, अंकित पांडेय, आदर्श पांडेय सहित कई लोग मौजूद रहे।



