लचरागढ़ विद्यालय में आयुष्मान कार्ड व ई-केवाईसी शिविर, 183 नए कार्ड बने

सिमडेगा। जिला नर सेवा ही नारायण सेवा के पावन संकल्प को साकार करते हुए, वनवासी कल्याण केंद्र की शैक्षिक इकाई श्रीहरि वनवासी विकास समिति,झारखंड द्वारा संचालित विवेकानंद शिशु विद्या मंदिर उच्च विद्यालय, लचरागढ़ में आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं ई-केवाईसी शिविर का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर ने सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएँ इसमें सम्मिलित हुए और लाभान्वित हुए। नये आयुष्मान कार्ड:183 नागरिकों के कार्ड सफलता पूर्वक बनाए गए। ई-केवाईसी 152 लोगों का सत्यापन पूर्ण किया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में बांसजोर प्रखंड के तरगा पंचायत के सीएससी (CSC) केंद्र के संचालक विशाल नायक एवं उनके सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा। उनकी तकनीकी दक्षता से संपूर्ण प्रक्रिया सरल एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन एवं संपूर्ण व्यवस्था प्रधानाचार्य राजेन्द्र साहु के कुशल मार्गदर्शन एवं देखरेख में अनुशासित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुई। अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने इस शिविर को विशेष बना दिया। विद्यालय परिवार ने यह सिद्ध किया कि शिक्षा केवल ज्ञानार्जन तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का सशक्त माध्यम भी है।
जब शिक्षण संस्थान समाज की आवश्यकताओं से जुड़ते हैं, तब वास्तविक परिवर्तन संभव होता है। यह शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुरक्षा पहुंचाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
यह शिविर न केवल सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का माध्यम बना, बल्कि इसने क्षेत्र में जागरूकता, सहयोग एवं विश्वास की भावना को भी सुदृढ़ किया। विद्यालय का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय है।



