विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल देवघर में जागरूकता सह समारोह का भव्य आयोजन

देवघर। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आज सदर अस्पताल देवघर के सभागार में एक विस्तृत जागरूकता सह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने “स्वस्थ समाज, सशक्त राष्ट्र” के संकल्प के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि आज के समय में बदलती जीवनशैली के कारण कई प्रकार की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, जिनसे बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. मनोज गुप्ता ने कुष्ठ रोग के उन्मूलन हेतु चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. अभय यादव ने मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला तथा साफ-सफाई एवं मच्छर नियंत्रण के महत्व को बताया। साथ ही वरीय दंत चिकित्सक डॉ. शरद कुमार ने मौखिक स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए नियमित ब्रश करने एवं समय-समय पर दंत जांच कराने की सलाह दी। वहीं जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ. मनीष शेखर ने विभिन्न संक्रामक एवं गैर-संक्रामक रोगों की रोकथाम, समय पर पहचान एवं उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में डीपीएम नीरज भगत एवं डीपीसी प्रवीण सिंह ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करें। इस अवसर पर डीडीएम पोखराज, राजीव, मनीष, राजेश रॉय, शंकर दयाल, कासिम अंसारी सहित अन्य कर्मियों एवं शहरी सहियाओं की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में उपस्थित सहियाओं एवं स्वास्थ्यकर्मियों को समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने, टीकाकरण को बढ़ावा देने एवं लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों द्वारा यह संकल्प लिया गया कि वे स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग, देवघर द्वारा आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने एवं “स्वस्थ देवघर” के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button