विक्रमशिला सेतु पर बना बेली ब्रिज तैयार, आज से शुरू होगा आवागमन, लाखों लोगों को मिलेगी राहत
विक्रमशिला सेतु पर बना बेली ब्रिज तैयार, आज से शुरू होगा आवागमन

खबर की तह तक | रवि भूषण | भागलपुर
विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद आवागमन बहाल करने के लिए बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) द्वारा बनाए गए चार बेली ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। सफल ट्रायल के बाद शनिवार 7 जून से पुल पर वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।

शुक्रवार को बेली ब्रिज का सफल ट्रायल किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उनके साथ सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, सिटी डीएसपी अजय चौधरी, पुल निर्माण निगम एवं पथ निर्माण विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने बताया कि बेली ब्रिज पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुल पर पुलिस पिकेट की तैनाती की गई है तथा विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से यातायात नियमों के अनुपालन की निगरानी की जाएगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि बेली ब्रिज से अधिकतम 10 टन क्षमता तक के मालवाहक वाहनों का परिचालन किया जा सकेगा। साथ ही पुल पर वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी, जिससे यातायात सुचारू और सुरक्षित बना रहे।
बेली ब्रिज पर आवागमन शुरू होने से भागलपुर, कोसी एवं सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा था, जिससे समय और दूरी दोनों बढ़ गए थे। अब बेली ब्रिज के चालू होने से आवागमन पहले की तुलना में काफी सुगम हो जाएगा।



