गाजे-बाजे के साथ निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

वीरपुर/बेगूसराय। रविवार को वीरपुर प्रखंड अंतर्गत भवानंदपुर पंचायत के सिकरहुला गांव में आयोजित अषटयाम यज्ञ को लेकर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और भक्तिमय नारों के बीच शोभायात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करती हुई सिकरहुला-राजापुर स्थित गोरियारी बूढी गंडक नदी घाट पहुंची, जहां से 201 कुंवारी कन्याओं ने कलश में पवित्र जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंचकर विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की।
कलश शोभायात्रा में शामिल कन्याएं नए परिधानों में सुसज्जित होकर श्रद्धा व उत्साह के साथ सहभागी बनीं। इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख अस्मिता कुमारी, मुखिया दीपक कुमार, पूर्व पंसस अजय झा, वार्ड सदस्य अमित कुमार, शोभा देवी, स्थानीय ग्रामीण सूरज यादव, वीरेंद्र महतो, राजेश यादव, महेंद्र महतो सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वीरपुर थाना की डायल 112 टीम मुस्तैद रही।



