श्रावणी मेले से पहले एक्शन में प्रशासन! SDM रवि कुमार के नेतृत्व में हटा अतिक्रमण, दोबारा कब्जा करने पर कड़ी चेतावनी

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मेले के दौरान बाबा मंदिर आने वाले देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए आज अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार के नेतृत्व में मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्रों में एक सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रास्तों को साफ और खुला रखना अनिवार्य है। इसी के तहत अभियान के दौरान मंदिर परिसर के मुख्य मार्गों, फुटपाथों और संकीर्ण गलियों में अवैध रूप से लगाए गए दुकानों, काउंटरों, शेड और ठेलों को पूरी तरह हटा दिया गया।

इसके अलावा इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने कहा कि राजकीय श्रावणी मेला में आने वाले कांवरियों को सुलभ जलार्पण और सुरक्षित मार्ग प्रदान करना प्रशासन का मुख्य संकल्प है। भीड़ नियंत्रण और सुव्यवस्थित यातायात के लिए रास्तों का अतिक्रमण मुक्त होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि श्रावणी मेले के दौरान यदि दोबारा किसी भी दुकानदार द्वारा मार्ग बाधित या अतिक्रमण किया गया, तो सामान जब्त करने के साथ-साथ उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाया जाएगा।



