जनगणना 2027 प्री-टेस्ट का भारत सरकार की टीम ने किया निरीक्षण, रजौली के तीन गांवों में तैयारियों का लिया जायजा

रजौली (नवादा)। भारत सरकार के जनगणना निदेशालय की उच्चस्तरीय टीम ने रजौली प्रखंड क्षेत्र में चल रहे जनगणना 2027 के प्री-टेस्ट कार्य का औचक निरीक्षण किया। टीम ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर जनगणना कार्य में लगे सुपरवाइजरों और गणनाकारों से जानकारी ली तथा कार्य की प्रगति का फीडबैक प्राप्त किया।

निरीक्षण टीम का नेतृत्व जनगणना निदेशालय, भारत सरकार की निदेशक आईएएस रंजिता ने किया। उनके साथ उप निदेशक हेमंत कुमार, सहायक निदेशक अंगद कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बिहार में जनगणना 2027 का प्री-टेस्ट रजौली प्रखंड के अलावा सारण जिले के सोनपुर नगर परिषद क्षेत्र में भी चल रहा है।

तीन गांवों में पहुंची निरीक्षण टीम

भारत सरकार की टीम ने सबसे पहले सिरोडावर पंचायत के सोहदा गांव का दौरा किया। इसके बाद टीम जोगियामरान पंचायत के कर्मकला गांव पहुंची, जहां जनगणना कार्य में लगे सुपरवाइजरों और गणनाकारों से बातचीत की।

अधिकारियों ने डेटा संग्रहण प्रक्रिया, फॉर्म भरने में आने वाली समस्याओं और ग्रामीणों के सहयोग के संबंध में जानकारी ली।

निरीक्षण के अंतिम चरण में टीम ने लेंगुरा पंचायत के तारगिर गांव स्थित एसआरएस यूनिट का निरीक्षण किया। यहां सुपरवाइजर राधेश्याम, जनगणना निदेशालय की माधुरी कुमारी और गणनाकार शिक्षक उपस्थित थे। टीम ने एसआरएस यूनिट में रखे रिकॉर्ड और दर्ज प्रविष्टियों की जांच की।

अधिकारियों ने दिए सटीक डेटा संग्रहण के निर्देश

निरीक्षण के दौरान रजौली एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन, नवादा डीएसओ, बीडीओ संजीव झा, सीओ मो. गुफरान मजहरी और सहायक प्रभार पदाधिकारी रौशन कुमार मौजूद रहे।

जिला और प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने केंद्र सरकार की टीम को रजौली प्रखंड में चल रही तैयारियों और प्री-टेस्ट की प्रगति से अवगत कराया।

 

रजौली बस स्टैंड पर 4 साल से जलजमाव, NH-20 सर्विस लेन की बदहाली से दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट

अधिकारियों ने बताया कि जनगणना 2027 का प्री-टेस्ट एक महत्वपूर्ण चरण है। इसके माध्यम से फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का पहले से आकलन किया जा रहा है, ताकि मुख्य जनगणना कार्य को बेहतर और सुचारू तरीके से पूरा किया जा सके।

ग्रामीणों से सहयोग की अपील

भारत सरकार की टीम ने गणनाकारों और सुपरवाइजरों को सही एवं सटीक डेटा संग्रहण करने का निर्देश दिया। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि वे जनगणना कार्य में पूरा सहयोग करें।

अधिकारियों ने कहा कि जनगणना देश के विकास की योजनाओं के निर्माण और नीतियां तय करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण आधार प्रदान करती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button