शपथ के बाद मेयर रवि राउत और डिप्टी मेयर टीप चटर्जी का गर्मजोशी से स्वागत

देवघर। नगर निकाय चुनाव में देवघर नगर निगम के मेयर पद पर विजय प्राप्त करने के उपरांत महापौर रवि राउत तथा उप महापौर के चुनाव में जीत दर्ज की टीप चटर्जी को विकास भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
शपथ ग्रहण के पश्चात जिला बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति कार्यालय में जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ. मुन्नम संजय तथा समिति के सदस्यों द्वारा मेयर रवि राउत तथा डिप्टी मेयर टीप चटर्जी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर एवं लड्डू खिलाकर मुंह मीठा कराया गया तथा सभी ने अपनी खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ. मुन्नम संजय ने कहा कि एक साधारण परिवार का बेटा मेयर तथा देवघर की बेटी डिप्टी मेयर बनकर समाज के लिए प्रेरणा बना है। श्री रवि राउत जनसाधारण के बीच लोकप्रिय हैं और उनके नेतृत्व में देवघर नगर का अपेक्षित विकास निश्चित रूप से होगा।
वहीं मेयर रवि राउत तथा डिप्टी मेयर टीप चटर्जी ने सभी के स्वागत से अभिभूत होते हुए कहा कि सभी के सहयोग से देवघर नगर की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा तथा नगर की मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। हर वार्ड को ध्यान में रखकर समान भाव से कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं समिति सदस्य प्रो. उदय प्रकाश, वर्तमान जिलाध्यक्ष एवं सदस्य राजेन्द्र दास, सुरेश साह, जीपी धनंजय मंडल,समिति के सदस्य एवं कांग्रेस नेता दिनेश कुमार मंडल, सदस्य एवं झामुमो नेता मनोज कुमार दास, दिनेश्वर किश्कू,राजीव कुमार सहित गोपाल दास,कुमार राज एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।



