साकची में आग से पांच बाइक और एक साइकिल जलकर राख

जमशेदपुर। शनिवार दोपहर जमशेदपुर के साकची इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें पांच बाइक और एक साइकिल जलकर राख हो गई। घटना साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा के पीछे की है, जहां अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारा के पीछे खाली जगह में रखे कचरे और कबाड़ में आग लग गई। देखते ही देखते आग फैलकर पास में खड़ी पांच बाइक और एक साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सभी वाहन जलकर खाक हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि जली हुई बाइक टाटा स्टील के कर्मचारियों की थी, जो अपनी बाइक पार्किंग में खड़ी कर कंपनी में काम करने गए थे। जिन कर्मचारियों की बाइक जली है, उनमें राजेश शर्मा, सतीश कुमार सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



