करवा चौथ पर बाजारों में उमड़ी खरीददारों की भीड़

चूड़ियों, साड़ियों, जेवरात तथा मिठाइयों की जमकर हुई खरीदारी

कालपी (जालौन)। गुरुवार को करवा चौथ पर्व को लेकर बाजारों में रौनक दिखाई दी। कालपी के बाजारों में करवा चौथ के पर्व में महिलाओं की भीड़ देखने को मिली। सुहागिन महिलाओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखाई दी। महिलाएं अपनी पसंद की साड़ियां, लहंगा-चुनरी, आभूषण, चूड़ियां और सोलह शृंगार का सामान खरीदने में जुटी हैं।

बाजारों में साड़ी, कपड़े और शृंगार की दुकानों पर ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई है। वहीं, मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं और युवतियों की भीड़ उमड़ रही है। मेहंदी स्टॉलों पर आकर्षक डिजाइन बनवाने के लिए महिलाएं अपनी बारी का इंतजार करती रही।करवा चौथ की पूजा के लिए आवश्यक सामग्री की दुकानों पर भी खूब खरीदारी हो रही है। बाजारों में करवा, छलनी, दीपक, सिंदूर, बिंदी, चूड़ियां और अन्य पूजन सामग्री तथा मिठाइयों की दुकानों में सजावट के साथ भीड़ भाड़ रही।

टरनंनगंज बाजार,जुलैहटी मार्केट, सर्राफा बाजार आदि स्थानों में दुकानदारों के द्वारा पर्व के अवसर पर अच्छा कारोबार किया गया।पर्व के अवसर पर गुरुवार को करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाओं द्वारा अपने पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए रखा गया। महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखकर शाम को चंद्रमा के दर्शन और पूजन के बाद व्रत का पारण करती हैं। पर्व को लेकर घरों में भी तैयारियां जोरों पर की गई तथा महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button