ट्रेन हादसे में दोनों पैर और एक हाथ गंवाने वाले युवक ने की आत्महत्या

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 38 वर्षीय सूरज प्रसाद ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार सूरज प्रसाद पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रहे थे। करीब छह महीने पहले एक ट्रेन हादसे में उन्होंने अपने दोनों पैर और एक हाथ गंवा दिए थे। इस हादसे के बाद उनका जीवन पूरी तरह बदल गया था और शारीरिक रूप से अपंग होने के कारण वे काफी परेशान रहते थे। गुरुवार सुबह जब उनकी दूसरी पत्नी सोनी कमरे में पहुंचीं तो उन्होंने सूरज को जमीन पर अचेत अवस्था में पाया। पास में कीटनाशक की बोतल भी पड़ी थी।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से कीटनाशक की बोतल और सूरज का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मोबाइल में एक वीडियो संदेश भी मिला है, जिसमें सूरज ने अपनी परिस्थितियों का जिक्र करते हुए खुद यह कदम उठाने की बात कही है। पुलिस के अनुसार सूरज की दो शादियां हुई थीं। उनकी पहली पत्नी पिंकी सोनारी में रहती हैं, जबकि वे दूसरी पत्नी सोनी के साथ कुम्हारपाड़ा में रह रहे थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



