नवादा में महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पति के आरोपों के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

📍नवादा | राजीव कुमार
नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड स्थित पिथौरी गांव में एक 30 वर्षीय महिला ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान करीना देवी, पति विजय शर्मा, निवासी पिथौरी गांव के रूप में हुई है। पति विजय शर्मा का आरोप है कि उनकी पत्नी शादी के बाद भी एक अन्य युवक से फोन पर बातचीत करती थी। उन्होंने कई बार इसका विरोध किया और समझाने का प्रयास किया। उनके अनुसार, इसी बात को लेकर विवाद के बाद पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पति ने बताया कि दोनों की शादी वर्ष 2018 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस संबंध में उन्होंने पहले भी पत्नी के मायके वालों को जानकारी दी थी तथा करीब एक वर्ष पूर्व थाने में शिकायत भी की थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।
घटना की सूचना मिलने पर अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका का मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

अकबरपुर थाना प्रभारी रुपेश कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मोबाइल फोन की भी जांच की जाएगी ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने फिलहाल पति पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



