रजौली में वांछित शराब तस्कर गिरफ्तार, पत्नी से मारपीट करने वाला शराबी पति भी जेल भेजा गया

मनीष कुमार

रजौली(नवादा): रजौली थाना पुलिस ने शराब कारोबार और घरेलू हिंसा के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि पहली कार्रवाई रजौली थाना क्षेत्र के धमनी गांव में की गई। बीते सोमवार को पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर 35 बोतल शराब और दो बाइक जब्त की थी। इस मामले में एक तस्कर अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया गया था। इसी मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी धमनी गांव निवासी सर्जन उर्फ सकिंदर राजवंशी के पुत्र रौशन कुमार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है। रौशन इस मामले में वांछित चल रहा था।

शराब पीकर पत्नी से मारपीट, ब्रेथ एनलाइजर से हुई पुष्टि

वहीं दूसरी कार्रवाई करिगांव में की गई। करिगांव निवासी संजय कुमार सिंह की बहू काजल कुमारी ने अपने शराबी पति शुभम कुमार के खिलाफ शराब पीकर मारपीट करने का मामला दर्ज कराया था। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान ब्रेथ एनलाइजर मशीन से जांच में उसके शराब पीने की पुष्टि भी हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों रौशन कुमार और शुभम कुमार को बुधवार को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में नवादा जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में शराब तस्करी और शराब पीकर उत्पात मचाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button