स्व. कमलाकांत यादव की 5वीं पुण्यतिथि पर प्रतिमा अनावरण, संजय सेठ ने दी श्रद्धांजलि
कमलाकांत यादव का जीवन समाज सेवा की मिसाल : संजय सेठ

राहे (रांची) : पांच परगना क्षेत्र के प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता स्व. कमलाकांत यादव की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर राहे प्रखंड के चुतरुडीह गांव में शुक्रवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. कमलाकांत यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि स्व. कमलाकांत जी का जीवन समाज सेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक था।
मुख्य अतिथि संजय सेठ ने कहा कि स्व. कमलाकांत यादव एक कर्मठ और समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता थे, जो हर वर्ग के लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते थे। उन्होंने निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा की और लोगों की समस्याओं को अपनी समस्या मानकर उनके समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहे। उन्होंने कहा कि उनकी स्मृति में स्थापित यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को समाज सेवा के लिए प्रेरित करेगी।

कुरमाली परिषद के अध्यक्ष डॉ. राजाराम महतो ने कहा कि स्व. कमलाकांत यादव क्षेत्र के सच्चे समाजसेवी थे। वे हर परिस्थिति में लोगों के साथ खड़े रहते थे और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव आगे रहते थे। उनका जीवन समाज के लिए समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
कार्यक्रम में भाजपा के रांची ग्रामीण पूर्वी जिलाध्यक्ष धीरज महतो, आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष गोदाधर महतो, झारखंड उलगुलान के अध्यक्ष रवि पीटर, भाजपा मंडल अध्यक्ष मेघनाथ महतो, रांची नगर निगम के वार्ड पार्षद सुनील यादव, मुखिया प्रतिनिधि चरण मुंडा, वार्ड प्रतिनिधि विष्णु अहीर, परीक्षित यादव, शंभू यादव, घनश्याम मुंडा, रंजीत लोहारा, भृगु राम लोहरा, परीक्षित मंडल, छोटू यादव, इंद्रजीत महतो, प्रहलाद यादव, जितेंद्र, लखाई, विपीन, सुधीर, अनुज, मुकुंद यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्व. कमलाकांत यादव के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।



