नौला चौक शराब मामले में दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त

बेगूसराय। वीरपुर थाना क्षेत्र के नौला चौक पर होली से पूर्व सड़क पर शराब की बोतल गिरने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त एक बाइक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में नौला निवासी छोटू कुमार (पिता–सुखो यादव) और नंदन कुमार (पिता–रामकृपाल पासवान) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपितों की तलाशी के दौरान शराब की बोतल भी बरामद की गई है। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस के अनुसार होली से पहले मोटरसाइकिल से बोरे में बंद शराब की खेप सूर्यपूरा से नौला ले जाई जा रही थी।
इसी दौरान नौला चौक के समीप बोरे से शराब की बोतलें सड़क पर गिर गईं, जिसके बाद दोनों कारोबारी मौके से फरार हो गए थे। हालांकि घटना के दौरान एक कारोबारी का मोबाइल फोन घटनास्थल पर ही गिर गया था, जिसे नौला पिकेट पुलिस ने बरामद कर लिया। इसी मोबाइल के आधार पर पुलिस ने दोनों कारोबारियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर लिया गया है तथा इस मामले में आरोपी विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



