देवघर में हनुमान जयंती पर दो दिवसीय महोत्सव, भक्ति में सराबोर हुआ शहर

 

देवघर। मारवाड़ी ब्राह्मण संघ के तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हनुमान जयंती के पावन अवसर पर दो दिवसीय महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया।

महोत्सव के प्रथम दिन पवन पुत्र संकट मोचन भगवान हनुमान जी की पवित्र ज्योत प्रज्वलन एवं पूजन पंडित हरी शंकर शर्मा एवं पंडित अभिषेक जोशी द्वारा संपन्न कराया गया। इस दौरान बजरंगबली का आकर्षक फूलों से श्रृंगार, विशाल भजन संध्या, महाभोग तथा विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किए गए। पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

भजन संध्या में स्थानीय श्री श्याम कीर्तन मंडल के गुड्डू बंका एवं उनकी टीम—विक्की शर्मा, रोहित सुल्तानिया, श्याम सोंथालिया, मुरारी सर्राफ, राजीव सर्राफ, मुरारी हिसारिया—के साथ-साथ स्थानीय कलाकार जय नारायण शर्मा, मनोहर सुल्तानिया एवं संतोष केसरी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। “जय हनुमान ज्ञान गुण सागर” एवं “श्री राम के दूत हनुमान” जैसे भजनों से श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए। पूरा पंडाल “जय श्री राम” और “बजरंगबली की जय” के उद्घोष से गूंजता रहा।

इस पावन अवसर पर प्रसिद्ध हनुमान कथा वाचक प्रदीप भैया जी कौशिक महाराज की गरिमामय उपस्थिति ने आयोजन को विशेष आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की। उनके सान्निध्य में श्रद्धालुओं को धार्मिक प्रेरणा एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में रवि राउत (महापौर, देवघर नगर निगम), उप महापौर श्रीमती टीपा चटर्जी, समाजसेवी श्रीमती रीता चौरसिया, वार्ड पार्षद अनुप कुमार वर्णवाल एवं विशाल सर्राफ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने भजनों का आनंद लिया और इस प्रकार के आयोजनों को सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण एवं धार्मिक जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताया।

हनुमान जी के भव्य दरबार एवं फूलों से सजे विग्रह की दिव्य छटा ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। बड़ी संख्या में लोगों ने दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

संघ के महामंत्री ललित शर्मा ने बताया कि महोत्सव के द्वितीय दिवस पर विशाल महाप्रसाद भंडारा आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। इस भंडारे में सेवा, अनुशासन और समर्पण की अद्भुत मिसाल देखने को मिलेगी।

संघ के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में धार्मिक मूल्यों के संरक्षण, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी सहयोगियों, कलाकारों, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में ऐसे आयोजनों को और भव्य रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया।

इस आयोजन को सफल बनाने में राजेश शर्मा, पंकज शर्मा, मनोज शर्मा, विवेक शर्मा, कमलेश शर्मा, रतन शर्मा, संतोष शर्मा सहित समाज के सभी सदस्यों का सक्रिय योगदान रहा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button