अररिया में हर घर तिरंगा रैली, एसएसबी जवानों और बच्चों ने दिखाया देशप्रेम

  • तिरंगा सिर्फ ध्वज नहीं, देश की आन-बान-शान’:कार्यवाहक कमांडेंट आलोक कुमार
  • हर घर तिरंगा रैली में गूंजा राष्ट्रप्रेम,52वीं वाहिनी एसएसबी और केंद्रीय विद्यालय के संयुक्त आयोजन में जवानों, बच्चों व नागरिकों ने लिया हिस्सा

 

अररिया। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर देशभक्ति के रंग में अररिया भी रंग उठा। गुरुवार को 52वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), अररिया ने केंद्रीय विद्यालय के सहयोग से वाहिनी मुख्यालय से बस स्टैंड एवं मार्केट एरिया तक भव्य ‘हर घर तिरंगा’ रैली निकाली। रैली में तिरंगा लहराते जवानों, स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता ने पूरे शहर में राष्ट्रप्रेम का जोश भर दिया।
रैली का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के हृदय में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रगौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना था। बलकार्मिकों के साथ केंद्रीय विद्यालय के बच्चों एवं स्थानीय नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ रैली में भाग लिया।
इस अवसर पर कार्यवाहक कमांडेंट आलोक कुमार, उप कमांडेंट विनोद मीणा, केंद्रीय विद्यालय की ओर से शिक्षक आदित्य कुमार एवं शिक्षिका कोमल कुमारी सहित स्थानीय गणमान्य लोगों में आदित्य नारायण झा, नीरज झा, प्रदीप दास, कनकलता झा एवं सुष्मिता ठाकुर समेत बड़ी संख्या में एसएसबी के जवान मौजूद रहे। कार्यक्रम में अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह का भी सहयोग रहा।

‘तिरंगा सिर्फ ध्वज नहीं, देश की आन-बान-शान’

कार्यवाहक कमांडेंट आलोक कुमार ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ रैली महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। तिरंगा भारत की आन, बान और शान है। उन्होंने कहा कि एसएसबी के जवान सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों से निरंतर संपर्क एवं समन्वय स्थापित कर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रैली में जवानों के साथ स्थानीय नागरिकों और स्कूली बच्चों की सहभागिता ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सशक्त करती है।

हर घर पर सम्मान से फहरे तिरंगा
कार्यवाहक कमांडेंट ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आम लोगों से अपने घरों पर सम्मान एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप तिरंगा फहराने की अपील की। साथ ही परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button