मधेपुरा कॉलेज से बीएनएमयू तक निकली तिरंगा यात्रा, NCC कैडेट्स ने लगाए देशभक्ति के नारे

मधेपुरा कॉलेज से बीएनएमयू तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा

मधेपुरा। 17 बिहार बटालियन एनसीसी और मधेपुरा कॉलेज, मधेपुरा के बैनर तले बुधवार को मधेपुरा कॉलेज परिसर स्थित बिंदेश्वरी सभागार से भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (बीएनएमयू) परिसर तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा को श्री कृष्ण विश्वविद्यालय के कुलपति सह मधेपुरा कॉलेज के संस्थापक प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार, मधेपुरा कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. पूनम यादव और एनसीसी पदाधिकारी मेजर डॉ. गौतम कुमार ने संयुक्त रूप से तिरंगा झंडा दिखाकर रवाना किया।

‘देश की आन, बान और शान है तिरंगा’

तिरंगा यात्रा को रवाना करते हुए डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से नागरिकों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के संघर्ष, त्याग, बलिदान और उपलब्धियों का साक्षी रहा है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है और हर भारतीय इसके सम्मान को सर्वोच्च महत्व देता है।

डॉ. अशोक कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज के रंगों और अशोक चक्र के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि केसरिया रंग शक्ति और साहस, सफेद पट्टी शांति और सत्य तथा हरा रंग उर्वरता, वृद्धि और भूमि की पवित्रता का प्रतीक है। वहीं अशोक चक्र धर्म और कानून का प्रतीक है, जिसमें 24 तीलियां जीवन की निरंतर गति और विभिन्न गुणों का प्रतिनिधित्व करती हैं।

‘राष्ट्रीयता की भावना को मजबूत करने का अभियान है तिरंगा यात्रा’

मुख्य अतिथि एवं मधेपुरा कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. पूनम यादव ने एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के साथ स्वतंत्रता संग्राम और आजाद भारत के सफर से परिचित कराना है।

उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान समाज में राष्ट्रीयता की भावना का संचार करते हैं। ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ जैसे अभियानों का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गर्व की भावना के साथ इसे अपने घरों पर फहराने के लिए प्रेरित करना है।

देशभक्ति के नारों से गूंजा मधेपुरा

मधेपुरा कॉलेज से शुरू हुई तिरंगा यात्रा एनसीसी पदाधिकारी मेजर डॉ. गौतम कुमार के नेतृत्व में पश्चिमी बायपास और कॉलेज चौक होते हुए बीएनएमयू परिसर पहुंची।

यात्रा के दौरान एनसीसी कैडेट्स के हाथों में तिरंगा लहराता नजर आया। ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ और ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ जैसे देशभक्ति के नारों से पूरा माहौल गुंजायमान रहा।

तिरंगा यात्रा में छात्रा कैडेट्स की बड़ी भागीदारी भी आकर्षण का केंद्र रही।

‘तिरंगा यात्रा बन गया है जन आंदोलन’

मेजर डॉ. गौतम कुमार ने कहा कि तिरंगा यात्रा और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। यह अभियान देश को एकता के सूत्र में जोड़ने और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि देशवासी एक विकसित और श्रेष्ठ भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हैं, जिसका सपना स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने त्याग, तप और समर्पण से देखा था।

तिरंगा यात्रा में विकास कुमार, भवेश, अंशु, सुनैना, मौसम, प्रीति यादव, अभिषेक, सपना, शिवम, राहुल, संजय, अंकेश, अन्नू, सिम्पल, अमित रहमत, अमरजीत, आशु, इरविन, मनु सहित दर्जनों एनसीसी कैडेट्स एवं आम छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button