मातृ दिवस पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण

देवघर। मां सिर्फ एक शब्द नहीं, एक पूरा संसार है। जिसके बिना हर रिश्ता अधूरा और हर खुशी बेकार है। इसी भाव को साकार करते हुए मातृ दिवस के पावन अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सह गोड्डा जिला प्रभारी श्री ध्रुव प्रसाद साह और देवघर भाजपा नेता सह दन्त चिकित्सक डॉ. राजीव रंजन ने संयुक्त रूप से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया।
माँ और प्रकृति का अटूट नाता
कार्यक्रम के दौरान श्री ध्रुव प्रसाद साह ने कहा कि मां जीवनदायिनी है, जैसे पेड़ धरती को जीवन देते हैं। जिस प्रकार मां अपने बच्चों को बिना किसी स्वार्थ के पालती-पोसती है, उसी प्रकार वृक्ष भी हमें ऑक्सीजन, छाया और फल देकर बिना किसी अपेक्षा के सेवा करते हैं। मातृ दिवस केवल भावनात्मक अभिवादन का दिन नहीं, बल्कि मां के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने और उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लेने का दिन है।
डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा शुरू किया गया “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृशक्ति को सम्मान देने का अनूठा संगम है। आज हमने जो पौधा लगाया है, वह आने वाले समय में मां के आशीर्वाद की तरह छाया और जीवन देगा।
पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
वृक्षारोपण के बाद दोनों नेताओं ने उपस्थित लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाए और उसकी देखभाल करे। यह न केवल पर्यावरण को बचाने का कार्य है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य की नींव भी है।
ध्रुव प्रसाद साह ने कहा कि आज जब हम मातृ दिवस मना रहे हैं, तो यह भी याद रखें कि प्रकृति भी हमारी पहली मां है। अगर हम प्रकृति को बचाएंगे, तभी हम अपनी माताओं को स्वस्थ और समृद्ध वातावरण दे पाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थिति
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। सभी ने मिलकर “मां के नाम एक पेड़” लगाने का संकल्प लिया।



