संपूर्ण गर्भाशय निष्कासन व पित्त की थैली में पथरी का सफल ऑपरेशन

धनबाद। सदर अस्पताल में आज दो मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया। एक मरीज का संपूर्ण गर्भाशय निष्कासन व दूसरे मरीज के पित्त की थैली में पथरी का सफल ऑपरेशन किया गया। इसकी जानकारी देते हुए अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद ने बताया कि धनबाद में रहने वाली 35 वर्षीय मना मांझी पित्त की थैली में पथरी एवं इन्फेक्शन के कारण एक साल से पेट दर्द से परेशान थी। आयुष्मान कार्ड नहीं होने के कारण बिना पैसा के कोई भी अस्पताल में इलाज नहीं हो रहा था। निजी अस्पतालों में इस ऑपरेशन का खर्च लगभग 50 हज़ार रुपए बताया गया। जबकि सदर अस्पताल के सर्जन डॉ जितेन्द्र कुमार चौधरी और सदर अस्पताल की टीम द्वारा उनका सफल ऑपरेशन निःशुल्क किया गया। ऑपरेशन में निश्चेतक डॉ राजकुमार सिंह, डॉ प्रभात कुमार, ओटी असिस्टेंट मधुसूदन मरांडी तथा रंजना कुमारी मौजूद थे।
वहीं दूसरी मरीज, टुंडी निवासी मरियम देवी (35) अत्यधिक मासिक में रक्त स्राव होने के कारण पेट दर्द से परेशान थी। मरीज आर्थिक रूप से कमजोर थी। कई बड़े अस्पतालों से घूम कर अंततः सदर अस्पताल का रूख किया। सदर अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ अंजना कुमारी द्वारा द्विपक्षीय सैल्पिंगो-ऊफोरेक्टॉमी के साथ संपूर्ण गर्भाशय-निष्कासन किया गया। ऑपरेशन में निश्चेतक डॉ राजकुमार सिंह, ओटी असिस्टेंट मधुसूदन मरांडी, रंजना कुमारी, आरती कुमारी, प्रकाश गोप मौजूद थे।



