सोलर एजेंसी का मिस्त्री करंट लगने से गंभीर घायल, प्राथमिक इलाज के बाद नवादा रेफर

📍रजौली (नवादा) | मनीष कुमार

 

रजौली मुख्यालय स्थित ब्लॉक परिसर के समीप गुरुवार को बिजली के ट्रांसफार्मर लगे खंभे पर कार्य के दौरान सोलर एजेंसी का एक मिस्त्री करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मियों ने घायल मिस्त्री को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।

ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. श्याम नंदन प्रसाद एवं डॉ. मो. बरकत अली ने बताया कि घायल की पहचान झारखंड के जामताड़ा जिले के निवासी 24 वर्षीय मनोज कुमार के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया गया।

सहकर्मियों के अनुसार, मनोज कुमार सूर्यम इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड नामक सोलर एजेंसी में कार्यरत हैं। सोलर एजेंसी के तार और बिजली विभाग के तार की क्रॉसिंग का कार्य बिजली विभाग से शटडाउन लेकर किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि मिस्त्री का इलाज जारी है और फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।

वहीं, बिजली विभाग रजौली के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिल चुकी है। मामले की जांच की जा रही है तथा विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों से आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button